23/11/2025

Dhanbad Times

गांव की सरकार” बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों को लेकर उठी बुलंद आवाज़

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
105 Views

धनबाद: धनबाद उत्सव भवन में “गांव की सरकार” विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह ने की। संचालन तोपचांची प्रमुख आनंद कुमार ने किया। बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी देखी गई। मुख्य एजेंडा वित्तीय वर्ष 2024-25 की बकाया राशि के भुगतान को लेकर था। साथ ही डी.एम.एफ.टी. (DMFT) मद के अंतर्गत ग्राम सभा से लिए जा रहे निर्णयों में पंचायत प्रतिनिधियों की उपेक्षा पर भी गंभीर चर्चा हुई। जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह ने संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “14 विभागों और 29 शक्तियों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। किसी भी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि के सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उनके अधिकारों की रक्षा करना मेरी प्राथमिकता है।” उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष एकजुट हो संघर्ष करने का आह्वान किया ताकि पंचायती राज की गरिमा बनी रहे और विकास कार्यों में पंचायतों की भूमिका को नजरअंदाज न किया जाए। सभी प्रतिनिधियों ने एकमत होकर कहा कि वे अपने अधिकारों और पंचायत व्यवस्था की मजबूती के लिए हरसंभव संघर्ष करेंगे। उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास और जनता के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। यह बैठक पंचायती राज व्यवस्था में बढ़ती चुनौतियों और पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी को लेकर सशक्त एकता और संघर्ष के नए संकल्प के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!