21/09/2026

Dhanbad Times

झारखंड में खनिज की लूट और युवाओं का पलायन जारी: सांसद खीरु महतो

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
35 Views

धनबाद। जदयू के वरीय नेता एवं राज्यसभा सांसद खीरु महतो ने राज्य की वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल करार दिया है। बाघमारा के डुमरा स्थित अतिथि गृह में मंटू दुबे व अन्य नेताओं के साथ पत्रकारों  को संबोधित करते हुए सांसद ने खनिज संपदा की कथित लूट, चरमराती कानून व्यवस्था और युवाओं के लगातार हो रहे पलायन पर गहरी चिंता व्यक्त की। सांसद खीरु महतो ने चुनावी वादों की याद दिलाते हुए कहा कि हेमंत सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता से जो भी बड़े-बड़े वादे किए थे, वे सभी खोखले साबित हुए हैं। सरकार केवल कागजी घोषणाओं और विज्ञापनों तक ही सीमित रह गई है, जबकि धरातल पर विकास का कोई भी काम दिखाई नहीं दे रहा है। जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। सांसद ने झारखंड गठन के दौर का जिक्र करते हुए पड़ोसी राज्य बिहार से इसकी तुलना की। उन्होंने कहा कि जब झारखंड अलग हुआ था, तब लोग तंज कसते थे कि बिहार बालू से सोना निकालता है। लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चौतरफा विकास हुआ है, जिसे वास्तविक रूप से बालू से सोना निकालना कहा जा सकता है। इसके विपरीत, अकूत खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद आज झारखंड में संसाधनों की खुलेआम लूट मची हुई है। राज्य की आंतरिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए सांसद ने कहा कि झारखंड का युवा आज अपने ही राज्य में रोजगार के लिए तरस रहा है और मजबूरी में उसे दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर सरकार से सवाल किया कि आखिर प्रदेश के युवाओं की इस दुर्दशा का जिम्मेदार कौन है? इसके साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताते हुए कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। मौके पर मुख्य रूप से जदयू के जिलाध्यक्ष पिंटू सिंह, मंटू दुबे, मुन्ना सिंह, भोला दुबे, रंजीत महतो, महेश सिंह और सोनू चौधरी सहित कई पार्टी समर्थक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!