21/09/2026

Dhanbad Times

बाघमारा में सिंह मेंशन की धमक: सिद्धार्थ गौतम का भव्य स्वागत, प्रशासन को बताया दबाव में, विरोधियों को दी माफिया की नई परिभाषा

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
127 Views

धनबाद। कोयलांचल के प्रमुख सियासी गढ़ बाघमारा में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। सिंह मेंशन के युवराज सिद्धार्थ गौतम ने बाघमारा की धरती पर कदम रखकर न सिर्फ अपने इरादे साफ कर दिए। समर्थकों द्वारा आतिशबाजी और भारी उत्साह के बीच हुए इस भव्य स्वागत ने क्षेत्र की सियासी हलचल को चरम पर पहुंचा दिया है। सोनू सिंह के आवास पर आयोजित एक विशेष समारोह में स्थानीय जनता से मुखातिब होते हुए सिद्धार्थ गौतम ने साफ कर दिया कि बाघमारा की जनता के हक-अधिकार की लड़ाई में अब सिंह मेंशन पूरी मजबूती से ढाल बनकर खड़ा रहेगा और हर सुख-दुख में अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। बाघमारा के वर्तमान हालातों पर तीखा प्रहार करते हुए सिद्धार्थ गौतम ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां का प्रशासन पूरी तरह से आर्थिक या राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र की राजनीतिक शिथिलता पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यहां विपक्ष शिथिल हो चुका है और कुछ खास लोगों के दमघोंटू शासन के कारण स्थानीय व्यापारियों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जब प्रशासन निष्पक्ष नहीं रहता, तो कानून व्यवस्था दम तोड़ने लगती है। विरोधियों द्वारा सिंह मेंशन पर उछाले जाने वाले ‘माफिया’ शब्द का कड़ा जवाब देते हुए उन्होंने इसकी नई परिभाषा गढ़ दी। सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि वे किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन जनता को समझना होगा कि असली माफिया वह है जो गरीबों की जमीनें हड़पता है, कमजोरों का शोषण करता है और जनता के संसाधनों पर अवैध कब्जा जमाता है। उन्होंने जनता को याद दिलाया कि इतिहास गवाह है कि ऐसे संगीन आरोप वास्तव में किस पर लगते रहे हैं, यह बात बाघमारा के लोग भली-भांति जानते हैं। क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की तुलना दमनकारी माहौल से करते हुए उन्होंने कहा कि बाघमारा की जनता आज एक तरह से मेंशन से उम्मीद लगाए बैठी है। वे इसी दमन के खिलाफ और वंचितों की आवाज बुलंद करने यहां पहुंचे हैं। झरिया और धनबाद की तरह अब बाघमारा के लोगों के साथ भी सिंह मेंशन हर मोड़ पर खड़ा रहेगा। उन्होंने विरोधियों को कड़ा संदेश दिया। इस मौके जनता मजदूर संघ के वरीय नेता गोपाल मिश्रा, सोनू सिंह, विकास सिंह, धनेश्वर ठाकुर, मिथिलेश सिंह, बैजनाथ सिंह, उमेश सिंह, बिशाल सिंह, मुकेश रवानी सहित भारी संख्या में समर्थक और प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे, जो क्षेत्र में एक बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!