21/09/2026

Dhanbad Times

तेतुलमारी में अवैध खनन पर भड़के ग्रामीण, सिजुआ GM को घेरा, मुहाना बंद करने का मिला आश्वासन

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
92 Views

धनबाद। तेतुलमारी इलाकों में इन दिनों कोयला चोरों और एक संगठित सिंडिकेट का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच चुका है।  चंन्दौर तीन पटिया धौडा के समीप बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन किया जा रहा है। कोयला चोरों ने न सिर्फ खतरनाक अवैध मुहाना खोल दिया है, बल्कि तेतुलमारी चेक पोस्ट के समीप बाउंड्रीवाल के बगल से एक अवैध रास्ता भी बनाना शुरू कर दिया है ताकि कोयले की तस्करी को आसानी से अंजाम दिया जा सके।इस भारी और अनियंत्रित उत्खनन के कारण अब पूरे चंन्दौर बस्ती के अस्तित्व पर ही संकट मंडराने लगा है। स्थानीय ग्रामीणों में हमेशा जमींदोज होने का डर बना रहता है, क्योंकि निरंतर हो रही माइनिंग से नीचे की जमीन पूरी तरह खोखली हो रही है और किसी भी दिन पूरी बस्ती मलबे में तब्दील हो सकती है। इस भयावह स्थिति से ग्रामीणों की जान-माल को सीधा खतरा पैदा हो गया है, जिससे लोग रात-दिन खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। पुलिस की अनदेखी से माफियाओं का हौसला इस कदर बढ़ चुका है कि इस अवैध माइनिंग का विरोध करने पर सिंडिकेट के गुर्गे ग्रामीणों को तरह-तरह की धमकियां देते हैं और उन्हें सीधे बम से उड़ा देने की चेतावनी दी जाती है। इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतने बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध खनन, भारी मशीनों की आवाजाही और दिन-दहाड़े ग्रामीणों को मिल रही धमकियों के बावजूद स्थानीय पुलिस ‘अंजान’ बनी हुई है। ग्रामीणों का साफ आरोप है कि सिंडिकेट बिना किसी खौफ के फल-फूल रहा है और आम जनता की सुरक्षा को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। चंन्दौर बस्ती के पीड़ित ग्रामीण का कहना है कि नीचे से जमीन खोखली हो रही है और विरोध करने पर हमें सीधे बम से उड़ाने की धमकी मिलती है। सिंडिकेट के बढ़ते खौफ से तंग आकर आखिरकार गुरुवार को चंन्दौर बस्ती के ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सिजुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) निर्झर चक्रवर्ती से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने एक सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र सौंपकर अवैध खनन स्थल को तुरंत बंद करने की गुहार लगाई। मांग पत्र सौंपने वालों में मुख्य रूप से श्रवण वर्मा, प्रदीप वर्मा, सरोज वर्मा, अवधेश वर्मा, अनुज वर्मा, तारकेश्वर वर्मा समेत चंन्दौर बस्ती के दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे। शिकायत पत्र मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए महाप्रबंधक निर्झर चक्रवर्ती ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस पर तुरंत ऐक्शन लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही अवैध खनन स्थल पर ओबी (मलबा) भरकर सभी मुहानों को पूरी तरह बंद करा दिया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!