21/09/2026

Dhanbad Times

कोल तस्करी का बदला ट्रेंड: साइकिल – बाइक छोड़ मिनी हाइवा से डिपुओं में पहुंचाया जा रहा अवैध कोयला

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
159 Views

धनबाद। कतरास – बाघमारा कोयलांचल में अवैध कोयले की ढुलाई का तौर-तरीका अब पूरी तरह बदल गया है। तस्करों ने अब साइकिल और मोटरसाइकिल जैसे पारंपरिक साधनों को छोड़कर मिनी हाइवा का सहारा लेना शुरू कर दिया है, जिससे कोयले के अवैध कारोबार ने एक नई और खतरनाक रफ्तार पकड़ ली है। रात के ठीक दस बजते ही बाघमारा- मुराईडीह कतरास हीरक पथ, सोनारडीह- कतरास- राजगंज फोरलेन पथ और एट-लेन पर इन मिनी हाइवा की तेज रफ्तार साफ देखी जा सकती है। इनमें से अधिकांश गाड़ियां बिना नंबर प्लेट की होती हैं, और कोयला लदे होने के बावजूद सड़कों पर इनकी कोई जांच नहीं होती। इस अवैध धंधे का जाल बोकारो जिले के सीमावर्ती बाघमारा और बरोरा थाना क्षेत्र के कोलियरी इलाकों से शुरू होता है, जहां रात के अंधेरे में कोयला लादकर ये मिनी हाइवा मुख्य हीरक पथ पर पहुंचती हैं और वहां से इन्हें धंधेबाजों के गुप्त डिपो तक पहुंचाया जाता है। जबकि कतरास के भटमुड़ना के पड़ोसी क्षेत्र से फोरलेन से गंतव्य को जाती है। इसी सिलसिले में पिछले शनिवार की देर रात बाघमारा थाना क्षेत्र के बसंती चौक पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से अवैध कोयले से लदे दो मिनी हाइवा जब्त किए, हालांकि पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों के चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। जांच के दौरान दोनों हाइवा में पंद्रह टन से अधिक अवैध कोयला लदा हुआ पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बाघमारा क्षेत्र में मिनी हाइवा के जरिए कोयला तस्करी का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि ठीक पंद्रह दिन पहले भी इसी तरह की एक गाड़ी पकड़ी गई थी। तस्करों का यह पूरा नेटवर्क चिटाही-मुराईडीह के रास्ते और जमुआटांड (डुमरा)हीरक पथ का इस्तेमाल करते हुए राजगंज की ओर निकलता है और फिर बाघमारा क्षेत्र के जमुनिया पुल से कुछ दूरी पर स्थित तस्करों के ठिकानों तक पहुंचता है। इस काले धंधे में अब ऐसे बेखौफ लोग शामिल हो चुके हैं जो विरोध करने वालों को ठिकाने लगाने का दम रखते हैं। तस्करी की यह तेज रफ्तार स्थानीय लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है, जैसा कि पिछले महीने राजगंज थाना क्षेत्र में देखा गया था जहां एक मिनी हाइवा की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और इलाके में भारी बवाल हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!