21/09/2026

Dhanbad Times

कोयले का अवैध खनन; मेयर के आरोप पर विधायक शत्रुघ्न महतो का जवाब; इरादे साफ है तो कारोबार के असली जड़ के खिलाफ क्यों नहीं खड़े होते?

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
96 Views

धनबाद। कोयले के अवैध खनन और उससे उपजी क्षेत्रीय अशांति को लेकर धनबाद के मेयर द्वारा मीडिया में दिए गए बयान के बाद बाघमारा की सियासत गरमा गयी है। मेयर के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने और स्थिति को स्पष्ट करने के लिए बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो ने एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता बुलाई, जिसमें उन्होंने मेयर को सीधे आड़े हाथों लेते हुए पूरे घटनाक्रम की तीखी विवेचना की। विधायक महतो ने कहा कि जो लोग आज अवैध उत्खनन को लेकर मीडिया के सामने बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं और सियासी सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे हैं, अगर उनके इरादे साफ हैं और उनमें थोड़ी भी हिम्मत है, तो वे इस काले कारोबार की असली जड़ यानी राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ खड़े क्यों नहीं होते, जिनकी नाक के नीचे यह सब फल-फूल रहा है। विधायक ने मेयर को आत्ममंथन करने की नसीहत देते हुए कहा कि भ्रामक बयान देने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। उन्होंने सीधे तौर पर झरिया क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कोयले के खेल में क्या चल रहा है और उसके पीछे किन शक्तियों का हाथ है, यह बात किसी से छिपी नहीं है और जनता उनके अतीत तथा वर्तमान के इतिहास को बहुत अच्छी तरह से जानती है। संवाद के दौरान उन्होंने हाल ही में बहियारडीह में हुई हिंसक घटना की कड़े शब्दों में निंदा किया। इसके साथ ही लोयाबाद की हिंसक झड़प का हवाला देते हुए उन्होंने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि विडंबना देखिए कि जो लोग अवैध खनन का विरोध कर रहे थे, उन्हें तो जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया, जबकि हिंसा भड़काने वाले असली कसूरवार आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। अपने चिरपरिचित आश्वस्त लहजे में शत्रुघ्न महतो ने कहा कि बाघमारा और धनबाद की जनता पूरी तरह जागरूक है और वह भली-भांति समझती है कि किसके इशारे पर और किसके संरक्षण में यह अवैध उत्खनन और हिंसा का खूनी खेल खेला जा रहा है। उन्होंने विरोधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उनका एकमात्र ध्येय बाघमारा क्षेत्र का सतत विकास और जनसेवा है। जनता ने उनकी इसी सेवा भावना को देखकर ही उन्हें और उनके अनुज को धनबाद व बाघमारा की सेवा करने का ऐतिहासिक आशीर्वाद दिया है, और इसी जनसमर्थन के कारण विरोधी पूरी तरह बौखलाहट में हैं। इस प्रेस वार्ता में विधायक के साथ मुख्य रूप से भाजपा के जिला मंत्री महेश पासवान, बिनय पासवान, कंचन चौरसिया, श्याम किशोर कल्लू, मुकेश झा, कुंदन सिंह रविंद्र विजन सहित कई उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!