21/09/2026

Dhanbad Times

गंगा गौशाला कतरास में अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बनेगा भव्य श्री श्याम गंगा मंदिर, आज भूमि पूजन

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
257 Views

धनबाद। श्री गंगा गौशाला कतरास-करकेंद परिसर जल्द ही एक अलौकिक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में निखरने जा रहा है। गौशाला प्रांगण में भव्य श्री श्याम गंगा मंदिर के निर्माण के लिए 24 जुलाई को यानि आज ‘भूमि पूजनोत्सव’ का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही परिसर स्थित श्री हनुमान जी मंदिर के पुनरुद्धार का कार्य भी संपन्न होगा। यह पूरा धार्मिक अनुष्ठान पूज्य संतोष भाईजी के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर कतरास और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच भारी उत्साह है।
आयोजन समिति ‘श्री श्याम गंगा सेवा समिति’ एवं ‘श्री गंगा गौशाला, कतरास-करकेंद’ द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गंगा गौशाला के अध्यक्ष अनीश डोकानिया ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गौमाता की असीम अनुकम्पा से बनने वाला यह श्याम मंदिर स्थापत्य कला की दृष्टि से बेहद खास और अद्वितीय होगा। इस मंदिर का निर्माण अयोध्या के प्रसिद्ध श्री राम मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। ऐतिहासिक बात यह है कि इस मंदिर का डिजाइन और शिल्प कला का जिम्मा भी राम मंदिर के विख्यात शिल्पकार पद्मश्री चंद्रकांत बलवंतरायजी सोमपुरा ही संभाल रहे हैं।
मंदिर निर्माण की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पूरी संरचना में लोहे या किसी अन्य धातु का उपयोग नहीं किया जाएगा। मंदिर का निर्माण पूरी तरह से राजस्थान के सुप्रसिद्ध नक्काशीदार ‘बंशी पहाड़पुर’ के गुलाबी पत्थरों से होगा, जो अपनी मज़बूती और प्राचीन सुंदरता के लिए जाने जाते हैं।
दिनभर चलने वाले इस धार्मिक भूमि पूजन के पश्चात शाम को एक भव्य भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक एवं भजन कार्यक्रम में कोयलांचल के विख्यात भजन गायक पंकज शर्मा और कोलकाता के सुप्रसिद्ध गायक निहाल ठाकराण अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
आयोजन समिति ने सभी राम-श्याम भक्तों और सनातन धर्मानुरागी जनता से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य का भागी बनने की अपील की है। प्रेस वार्ता के दौरान गंगा गौशाला के अध्यक्ष अनीष डोकानिया, महासचिव महेश अग्रवाल, संरक्षक सुरेंद्र अग्रवाल, डॉ. बी. एन. चौधरी, संयोजक प्रदीप सोनी, सह संयोजक राजेश केडिया, कोषाध्यक्ष आकाश खंडेलवाल, सचिव दीपक अग्रवाल, राजेश सिद्धूल, सुमित खंडेलवाल, गोविंद खंडेलवाल, उदय वर्मा, कृष्ण कन्हैया राय, विष्णु चौरसिया, सरोज विश्वकर्मा, पंकज सिन्हा, सुनील डगाईज, पंकज भुवालका, अशोक शर्मा, संजय लोयलका, आजाद कृष्णा, महेंद्र चौधरी, कैलाश कुरुवाल राजेश सिंघल सहित समिति के कई गणमान्य सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!