21/09/2026

Dhanbad Times

बाघमारा में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को सौंपा ज्ञापन: जनजीवन को जाम से मुक्ति दिलाने की मांग

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
123 Views

बाघमारा। बाघमारा में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर रविवार को स्थानीय नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा। राजस्थानी धर्मशाला में बाघमारा बचाओ नागरिक संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता ने गिरिडीह लोकसभा सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी का अभिनंदन कर ज्ञापन सौंपा और इस ज्वलंत समस्या के स्थाई समाधान का आग्रह किया। वक्ताओं ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह रेलवे फाटक वर्तमान में पूरे क्षेत्र के विकास में सबसे बड़ी बाधा बन चुका है। बाघमारा प्रखंड कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाघमारा कॉलेज, थाना, हाईस्कूल, मिडिल स्कूल, खानुडीह स्टेशन समेत नदखुरकी, जमुनिया और बेनिडीह कोलियरी को जोड़ने वाला यह एकमात्र मुख्य मार्ग है। रोजाना हजारों की संख्या में छात्र, मरीज, कामकाजी लोग और आम राहगीर इस फाटक से होकर गुजरते हैं। फाटक बंद होने के कारण यहां घंटों लंबा जाम लगा रहता है, जिससे न सिर्फ लोगों का समय बर्बाद होता है बल्कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान पर भी बन आती है। क्षेत्र के बेहतर भविष्य और सुगम आवागमन के लिए अब यहां ओवरब्रिज का निर्माण अनिवार्य हो गया है। जनता की समस्याओं को सुनने के बाद सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने स्वीकार किया कि यह मुद्दा काफी पुराना है और उनके संज्ञान में है। उन्होंने वर्तमान स्थिति के लिए रेलवे और राज्य सरकार की अनदेखी एवं लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया, जिसके कारण अब तक निर्माण कार्य धरातल पर नहीं उतर सका। सांसद ने बाघमारा वासियों को पूरी तरह आश्वस्त करते हुए घोषणा की कि आगामी 20 जुलाई 2026 से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में वे इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने रेल मंत्रालय से इस दिशा में अविलंब कार्यवाही करने का आग्रह करने की बात कही और भरोसा दिलाया कि ओवरब्रिज निर्माण का कार्य बहुत जल्द शुरू कराया जाएगा। समिति के अध्यक्ष अखिलेश सिंह, संरक्षक योगेन्द्र सिंह, विजय शर्मा, अशोक मिश्रा,  धनेश्वर ठाकुर, बैजनाथ यादव, सज्जन खंडेलवाल, रीतेश सिंह, प्रमोद चौरसिया, आदर्श गुप्ता, अभिषेक प्रसाद गुप्ता, सुरेश साव,  विश्वनाथ साव, रितेश खंडेलवाल, अजय साव, ज्ञानेश साव, विजय साव, सुजीत राय, संजय सिंह, रामलोचन पंडित, संजय चंद्रवंशी,  राहुल गुप्ता, विपिन ठक्कर और मुकेश वर्णवाल सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!