21/09/2026

Dhanbad Times

कतरास पुलिस ने आकाशकिनारी गोलीबारी कांड के मुख्य 11 आरोपियों के खिलाफ सीसीए लगाने का भेजा प्रस्ताव

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
92 Views

धनबाद।  कतरास छाताबाद फुटबॉल मैदान के पास आकाशकिनारी में पिछले दिनों हुई हिंसक झड़प व गोलीबारी की घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए धनबाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कतरास पुलिस ने कांड के फरार आरोपियों की कमर तोड़ने के लिए चौतरफा घेराबंदी कर दी है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्तों का नाम न सिर्फ गुंडा पंजी में दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है, बल्कि उन पर ‘क्राइम कंट्रोल एक्ट’ (सीसीए) लगाकर जिला बदर करने का प्रस्ताव राज्य सरकार तथा गृह विभाग को भेज दिया है। पुलिस की इस रडार पर आए मुख्य आरोपियों में अनिक यादव, दिलीप यादव, बिनोद यादव, वीरेन्द्र उर्फ छिला यादव, विक्रम यादव, कन्हैया यादव, कारू उर्फ करण यादव, नंदू यादव, राजीव यादव, चंदन यादव और श्रवण यादव शामिल हैं। इनके अलावा घटना में संलिप्त अन्य आठ अपराधियों के नाम भी गुंडा पंजी में अंकित करने की तैयारी की जा रही है। कतरास पुलिस द्वारा क्षेत्र के तमाम अपराधियों का एक विस्तृत डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत आकाश किनारी और आसपास के इलाकों में सक्रिय अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पूर्व के मामलों में आरोपपत्रित दागी अपराधियों का नाम भी गुंडा पंजी में दर्ज कराने की मुहिम तेज कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार से मंजूरी मिलते ही इन सभी चिन्हित अपराधियों पर सीसीए लागू कर उन्हें जिला बदर (जिला निरुद्ध) किये जाने की संभावना है। इस कड़े कदम से क्षेत्र में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों की कमर पूरी तरह टूट जाएगी। इधर, किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन ने आकाश किनारी, कैलूडीह और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!