21/09/2026

Dhanbad Times

धनबाद में 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 400 खिलाड़ी दिखा रहे हैं दम

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
99 Views

धनबाद: झारखंड बास्केटबॉल संघ (JBA) के तत्वावधान में और धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ (DDBA) की मेजबानी में 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का मंगलवार को शानदार शुभारंभ हुआ। गोविंदपुर के स्थित के. के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित इस भव्य उद्घाटन समारोह की शुरुआत विभिन्न जिलों से आए बालक और बालिका खिलाड़ियों के आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि, जमशेदपुर पूर्व के विधायक एवं पूर्व मंत्री सरयू राय सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. साधना कुमारी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और खिलाड़ियों को खेल भावना व अनुशासन के साथ खेलने की प्रेरणा दी। वहीं, झारखंड बास्केटबॉल संघ के सचिव व अंतरराष्ट्रीय कोच जे. पी. सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मंच देती हैं। मुख्य अतिथि सरयू राय ने झारखंड को प्रतिभावान खिलाड़ियों की धरती बताते हुए उम्मीद जताई कि इस मैदान से निकले खिलाड़ी भविष्य में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे। इस दौरान क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

पहले दिन के मुकाबलों के रोमांचक नतीजे

उद्घाटन समारोह के बाद मैदान पर मुकाबलों का दौर शुरू हुआ। बालक वर्ग में पश्चिमी सिंहभूम ने शानदार खेल दिखाते हुए हजारीबाग को 38-22 से शिकस्त दी। एक अन्य मैच में टाटा स्टील की टीम ने रामगढ़ को 29-10 के बड़े अंतर से हराया, जबकि रांची ने छोटानागपुर पर 44-12 से एकतरफा जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में बोकारो और सरायकेला के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखा गया, जिसमें बोकारो ने 24-20 से बाजी मारी।

गरिमामयी उपस्थिति और सफल प्रबंधन

इस खेल महाकुंभ में राज्यभर से आए लगभग 400 बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से आगामी दिनों में लीग और नॉकआउट मैचों के जरिए सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाएगा। इस मौके पर झारखंड बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष व ओलंपियन हरभजन सिंह, पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय झा, डॉ. शिवानी झा, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव अनंत श्रीकृष्ण, समन्वयक पंकज कुमार और आयोजन सचिव तपन सेन सहित पूरी आयोजन समिति सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!