21/09/2026

Dhanbad Times

हर घर योद्धा अभियान: कतरास में युवाओं ने सीखी आत्मरक्षा और राष्ट्ररक्षा की कला, शौर्य शिविर का भव्य समापन

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
76 Views

धनबाद। धनबाद के कतरास स्थित डीएवी महिला महाविद्यालय के प्रांगण में हिंदू जनजागृति समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण शिविर का अत्यंत उत्साहपूर्ण और ऊर्जावान माहौल में समापन हुआ। ‘हर घर योद्धा’ विशेष अभियान के तहत 8 से 14 जून तक चले इस शिविर में क्षेत्र के 80 से अधिक युवक-युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस महत्वाकांक्षी अभियान का मूल ध्येय आज की युवा पीढ़ी को न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाना है, बल्कि उनमें आत्मरक्षा के साथ-साथ राष्ट्ररक्षा और धर्मरक्षा के प्रति एक सजग चेतना का निर्माण करना भी है। शिविर के सफल समापन पर सभी ऊर्जावान प्रतिभागियों को उनकी लगन के लिए सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अनूठे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कुल 14 सत्रों का संचालन किया गया, जिसमें समिति के अनुभवी प्रशिक्षक श्री निरंजन और श्री अमोल पालेकर ने युवाओं को आत्मरक्षा के आधुनिक और पारंपरिक कौशलों से रूबरू कराया। इसके साथ ही शिविरार्थियों को कठिन परिस्थितियों में मानसिक दृढ़ता बनाए रखने, संकट के समय त्वरित सजगता दिखाने और कुशल नेतृत्व क्षमता विकसित करने के व्यावहारिक गुर सिखाए गए। प्रशिक्षण के समापन पर युवाओं का आत्मविश्वास देखते ही बनता था। कई प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस शिविर ने न केवल उनके भीतर के डर को खत्म किया है, बल्कि अब वे किसी भी अचानक आने वाली आपातकालीन या संकटपूर्ण परिस्थिति का डटकर सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में डीएवी महिला महाविद्यालय प्रबंधन, स्थानीय नागरिकों, समर्पित स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का उल्लेखनीय योगदान रहा। हिंदू जनजागृति समिति के पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत राज्य समन्वयक  शंभू गवारे ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और संगठन की शक्ति को जगाने के लिए ‘हर घर योद्धा’ अभियान के तहत अब तक पूरे भारत में 80 से अधिक शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने आने वाले समय में देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे और भी गरिमामयी प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का संकल्प दोहराया और देश के अधिक से अधिक युवक-युवतियों से इस राष्ट्रव्यापी उपक्रम का लाभ उठाने का आवाहन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!