17/08/2026

Dhanbad Times

महाशिवरात्रि पर कोयलांचल में शिवभक्ति का महासंगम, भव्य बारात और झांकियों ने मोहा मन

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
220 Views

धनबाद: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोयलांचल की धरती शिवमय हो उठी। देवों के देव महादेव के जलाभिषेक के बाद भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें गाजा-बाजा, शिव तांडव और भूत-वैताल की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक चेतना से सराबोर कर दिया। रामराज मंदिर (चिटाही धाम), आगरडीह बुढ़ा बाबा मंदिर, झींझी स्थित पौराणिक बुढ़ाबाबा मन्दिर एवं  नर्मदेश्वर मंदिर सहित जिले के अनेकों शिवालयों में श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। भक्तों ने भगवान शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। कलाकारों ने शिव के भूत-पिशाच रूपों की अद्भुत प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। चिटाहीधाम में आयोजित भव्य धार्मिक आयोजन में मुख्य रूप से सांसद ढुलू महतो और विधायक शत्रुघ्न महतो शामिल होकर धर्म और आस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। शिव बारात में पश्चिम बंगाल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किये अभिनय को लोगों ने सराहा। गांव के लोग बारात में शामिल थे। रामराज मन्दिर की शोभा देखते बन रही। आगरडीह स्थित बुढ़ा बाबा मंदिर में पूजन व सामूहिक रुद्राभिषेक के बाद संध्या में भव्य झांकी निकाली गई। कार्तिक, गणेश, नंदी महाराज, मां काली के चंडी रूप और शिव तांडव की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। मंदिर कमेटी के संरक्षक रोहित यादव, पप्पू दुबे, अध्यक्ष विजय कुमार दसौंधी सहित अनेक समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कतरास थाना परिसर, झींझी पहाड़ी, बाघमारा ठाकुरबाड़ी, सिजुआ, तेतुलमारी, हरिणा, मुराईडीह कॉलोनी, सोनारडीह, बेहराकुदर, लेढीडूमर, पोचरी, घोराठी, डूमरा, माथाबांध आदि शिवालयों में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना कर धार्मिक वातावरण को और गहन बना दिया। जिले के तमाम शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाएं और कन्याएं उपवास रखकर महादेव की आराधना में लीन रहीं। शिवालय दुल्हन की तरह सजाए गए थे और हर ओर भक्ति, सहयोग और सामुदायिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!