11/11/2026

Dhanbad Times

बरोरा में कोयले का अवैध खनन: टांडाबारी जैसा न हो हाल, इसलिए ग्रामीणों ने संभाली ढाल, आंदोलन के बाद प्रबंधन हरकत में आया, शुरू कराई मौत के दरवाजे (मुहानों) की भराई

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
213 Views

धनबाद। कोयलांचल में अवैध उत्खनन के कारण धंसती जमीन और जमींदोज होते आशियानों के डर ने अब ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। सोमवार की सुबह धनबाद के बरोरा में उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों ग्रामीण एकजुट होकर सड़क पर उतर आए और मंडलकेंदुआडीह क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध उत्खनन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। बरोरा पंचायत के मुखिया पति देवानंद साव के नेतृत्व में एकजुट हुए ग्रामीणों ने न केवल विरोध जताया, बल्कि एएमपी कोलियरी के कार्य को ठप कर दिया। ग्रामीणों के इस उग्र रुख को देख स्थानीय प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

— बस्ती के नीचे ‘सुरुंग’—
आंदोलनकारी ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि क्षेत्र के कुछ रसूखदार अवैध धंधेबाज बरोरा मंडल केंदुआडीह बस्ती के ठीक नीचे करीब आधा दर्जन अवैध मुहाने खोलकर मौत का खेल खेल रहे हैं। इन धंधेबाजों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे करीब एक दर्जन छोटी ड्रिल मशीनों के जरिए अवैध खदानों में ब्लास्टिंग कर रहे हैं। इस निरंतर होने वाले विस्फोटों से पूरी बस्ती के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों ने कहा कि बीसीसीएल पहले ही बस्ती के नीचे से माइनिंग कर कोयला निकाल चुका है, लेकिन अब कोयला चोर वहां बचे हुए सुरक्षा पिलरों को काट रहे हैं, जिससे पूरी जमीन कभी भी धंस सकती है।

—–प्रबंधन की वादाखिलाफी—
प्रदर्शनकारियों ने प्रबन्धन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने बताया:

“मार्च महीने में भी इसी मांग को लेकर विरोध किया गया था। तब प्रबंधन ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही सभी अवैध मुहानों की भराई कर दी जाएगी। लेकिन हकीकत यह है कि माफियाओं ने पहले से भी बड़े पैमाने पर कोयला निकालना शुरू कर दिया।”
ग्रामीणों ने हाल ही में सोनारडीह थाना क्षेत्र के टांडाबारी बस्ती में हुई भू-धसान की घटना का हवाला देते हुए कहा कि वे अपनी आंखों के सामने अपनी बस्ती को उजड़ते नहीं देख सकते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो वे पुलिस प्रशासन और बीसीसीएल के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे।

—– दबाव के बाद हरकत में आया प्रबंधन—-
कोलियरी का काम घंटों बाधित रहने और ग्रामीणों के अडिग रुख को देखते हुए बीसीसीएल के अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। भारी आक्रोश का सामना करने के बाद, प्रबंधन को अंततः कारवाई के लिए बाध्य होना पड़ा। अधिकारियों ने तत्काल मौके पर ही डोजरिंग कराकर अवैध उत्खनन स्थलों की भराई का कार्य प्रारंभ कराया। प्रबंधन द्वारा धरातल पर काम शुरू किए जाने के बाद ही ग्रामीणों ने अपना विरोध-प्रदर्शन समाप्त किया।

आंदोलन में ये रहे शामिल:
इस महत्वपूर्ण विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से देवानंद साव, बिनोद साव, धनंजय महतो, सीताराम महतो, बीरेन्द्र महतो, गणेश महतो, संतोष महतो, जय प्रकाश साव, मनोज कुमार, पप्पू साव, भागीरथ महतो, बिकास साव, पंकज महतो, विजय साव और महावीर साव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!