11/11/2026

Dhanbad Times

शुभम यादव हत्याकांड: आक्रोश के बीच अंतिम संस्कार, पुलिस ने तेज की कानूनी कार्रवाई

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
106 Views

धनबाद। सोनारडीह में अपराधियों की गोली का शिकार हुए जनता श्रमिक संघ के केंद्रीय संगठन सचिव शुभम यादव का शनिवार को कतरास के लिलौरी मंदिर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। शनिवार शाम जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद शुभम का शव उनके पैतृक आवास पहुंचा, परिजनों के चीख-पुकार से पूरा इलाका गमगीन हो गया। मृतक की दादी सबिया देवी और मां कौशल्या देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों और यादव समाज के लोगों ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर भारी आक्रोश जताया। शव पहुंचने पर उत्पन्न हुए तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मौके पर कतरास, बैंक मोड़, सोनारडीह, अंगारपथरा और ईस्ट बसुरिया की पुलिस टीम तैनात रही। पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए खून से सने स्थान को चूना से घेराबंदी कर सुरक्षित रखा है। इस मामले में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया को तेज करते हुए अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बैंक मोड़ थानेदार असित सिंह और कतरास थानेदार प्रवीण कुमार ने उग्र ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर तकनीकी अनुसंधान कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिया कि संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है और अपराधियों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हत्याकांड का त्वरित उद्भेदन किया जा सके। राजनीतिक गलियारे में भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और राज्य की कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन बेलगाम अपराधियों पर नकेल कसने में विफल साबित हो रहा है। विधायक ने हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है और पुलिस को अविलंब दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, मेयर संजीव सिंह ने भी शोक संतप्त परिवार से मिलकर न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने शुभम यादव को एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता बताया और कहा कि उनके द्वारा समाज हित में अधिकारियों को लिखे गए पत्रों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने बाघमारा की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की त्वरित और गंभीर जांच की मांग की है। अंतिम संस्कार के समय महेंद्र यादव, सुंदर यादव, कारू यादव, चुन्ना यादव, मनीष यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे, जिन्होंने नम आंखों से शुभम को विदाई दी। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि वे जांच में सहयोग करें, अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!