12/11/2026

Dhanbad Times

सोनारडीह के टांडाबारी बस्ती में भू-धसान की घटनाओं से आहत लोगों को सताने लगी है भविष्य की चिंता

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
83 Views

धनबाद। सोनारडीह ओपी अंतर्गत गोबिंदपुर क्षेत्र की टांडाबारी बस्ती में गुरुवार देर रात पुनः हुई भीषण भू-धसान की घटना हुई। जिसमें 25 घरों के धसने, जमीन और दीवार में बड़े दरार पड़ने से लाखों की संपत्ति मलबे में दफन हो गयी। शुक्रवार सुबह गोबिंदपुर  क्षेत्र के जीएम सहित अन्य अधिकारी और बाघमारा के अंचल अधिकारी गिरिजानंद किस्कु ने प्रभावित स्थल का सघन दौरा किया। अधिकारियों ने बेघर हुए परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकार करते हुए माना कि वर्तमान स्थान अब रहने लायक नहीं बचा है। अधिकारियों ने मौके पर ही निर्णय लेते हुए प्रभावितों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की पहल शुरू कर दी है और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था मुहैया कराने में जुट गए हैं। तबाही का मंजर और साहस की गाथा- देर रात जब जमीन 20 फीट नीचे धंसी, तो सुनील हाड़ी, राजकुमार राय, दुर्गा हाड़ी, निरंजन राम और दीपक राम के घर इसके चपेट में आ गए। मलबे के बीच एक मारुति कार और मोटरसाइकिल फस गयी। उसमें  पूरी गृहस्थी समा गई। चीख-पुकार के बीच चार लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इस अफरा-तफरी के बीच जया कुमारी नामक युवती ने असाधारण साहस का परिचय दिया और अपनी जान की परवाह किए बिना मलबे से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। आक्रोश और सुरक्षा पर सवाल  घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और बीसीसीएल को इस तबाही का जिम्मेदार बताते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्षित किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पूर्व में की गई माइनिंग और अब पिलरों के कटाव ने पूरी बस्ती को खोखला कर दिया है। मौके पर पहुंचे डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया, जिसके बाद राहत कार्यों में तेजी आई। ज्ञात हो कि टांडाबारी में भू-धसान का यह सिलसिला 31 मार्च की उस काली तारीख से शुरू हुआ था, जब तीन लोग जिंदा दफन हो गए थे। तब से लगातार हो रहे गैस रिसाव और अब गुरुवार तीसरी बार हुई धंसान ने 100 से अधिक घरों के अस्तित्व पर संकट खड़ा कर दिया है। प्रबंधन द्वारा चिन्हित 274 घरों के भविष्य पर अब भी खतरा मंडरा रहा है। फिलहाल, प्राथमिकता सभी प्रभावितों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!