11/11/2026

Dhanbad Times

कतरास में विकास की गूंज: 1.61 करोड़ की नाला योजना से जलजमाव का स्थायी समाधान, मेयर संजीव सिंह पार्षद रागिनी विनायक गुप्ता ने किया शिलान्यास

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
89 Views

धनबाद। गंदगी से जाम नाला और उससे सड़क पर गंदे जल जमाव की गंभीर समस्या से त्रस्त कतरासवासियों को राहत की किरण दिखाई देने लगी है। नगर निगम चुनाव के बाद विकास कार्यों की झड़ी लगाते हुए मेयर संजीव सिंह और वार्ड संख्या तीन की पार्षद रागिनी विनायक गुप्ता ने शनिवार को 1.61 करोड़ की लागत से बनने वाले नाले का शिलान्यास किया। यह परियोजना कतरास की नागरिक संरचना को जलजमाव के अभिशाप से स्थायी मुक्ति दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगी। गुहीबांध बस पड़ाव से थाना चौक होते हुए मंदिर तक बनने वाला यह नाला नगरवासियों के लिए जीवनरेखा साबित होगा। हल्की बारिश में राजगंज रोड और सब्जी पट्टी के जलमग्न होने की स्थिति अब अतीत बनने की ओर है। मेयर संजीव सिंह ने कहा कि लंबे समय तक निगम चुनाव न होने से जनसमस्याएं विकराल रूप ले चुकी थीं, किंतु वर्तमान नेतृत्व संकल्पित है कि तकनीकी या प्रशासनिक अड़चनों को निगम अपने स्तर पर दूर करेगा। इस अवसर पर उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि ऐतिहासिक गुहीबांध तालाब का जीर्णोद्धार कार्य, जो आज होना था लेकिन फिलहाल टल गया है, आने वाले दिनों में अनिवार्य रूप से प्रारंभ किया जाएगा। शिलान्यास समारोह में वार्ड एक की पार्षद डॉ. मधुमाला, पूर्व पार्षद विनायक गुप्ता, समाजसेवी मासूम खान, संदीप गुप्ता, सौरभ भदानी, भरत भाई, महेंद्र चौहान, संतोष केशरी, सौरभ गुप्ता, विकास लाला, डिंपल सिंह, गौरभ जैन, कल्याणी गुप्ता, कुमकुम चौटालिया सहित अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!