21/09/2026

Dhanbad Times

तेतुलमारी में कोयले का अवैध खनन के खिलाफ वेस्ट मोदीडीह के हरिजन बस्ती की महिलाओं ने मुख्य सड़क को किया जाम, आवास के समीप हो रहा खनन, सिंडिकेट का है मजबूत नेटवर्किंग, पुलिस ने दिया करवाई का आश्वासन

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
116 Views

धनबाद। तेतुलमारी थाना परिक्षेत्र के वेस्ट मोदीडीह में कॉलोनी और बस्ती के आस – पास कोयला तस्करों द्वारा अवैध मुहाने को खोलकर ताबड़तोड़ कोयला निकासी किए जाने से खतरा से भयभीत स्थानीय लोगों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया। सोमवार को वेस्ट मोदीडीह हरिजन बस्ती की सैकड़ों महिलाओं ने चिल चिलाती धूप की परवाह न करते हुए सिजुआ-राजगंज मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। महिलाओं के इस अचानक प्रदर्शन से महज आधे घंटे के भीतर शक्ति चौक से लेकर नया मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पूरा यातायात ठप हो गया। सूचना मिलते ही तेतुलमारी के थाना प्रभारी विवेक चौधरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, अपने आशियाने और बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए सड़कों पर उतरी महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए उन्होंने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझा और वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। बाघमारा पुलिस अनुमंडलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार और पुलिस अंचल निरीक्षक शीघ्र मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से वार्ता की और उन्हें अवैध खनन पर रोक लगाने व तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद, करीब एक घंटे से अवरुद्ध पड़ा मुख्य मार्ग दोबारा सामान्य हो सका। कई महिलाएं अपने हाथों में झाड़ू लिए हुवे थी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें कोयला तस्करों के खिलाफ बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिलाओं का कहना है कि पूरी बस्ती और आवासीय कॉलोनी के नीचे से अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा है, जिससे जमीन अंदर से पूरी तरह खोखली हो चुकी है। इलाके के इतने करीब हो रहे खनन से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है और पूरी बस्ती मलबे में तब्दील हो सकती है। महिलाओं ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो माह पूर्व भी इस संबंध में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, धनबाद डीजीएमएस और धनबाद महापौर को लिखित शिकायत दी गई थी। उस शिकायत के बाद बीसीसीएल महाप्रबंधक द्वारा तत्परता दिखाते हुए अवैध माइंस की भराई कराई गई थी। लेकिन महज कुछ ही दिनों के बाद कोल तस्कर (सिंडिकेट) के गुर्गो ने दोबारा उन मुहानों को खोल कर कोयला निकालना शुरू कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि बीसीसीएल का स्थानीय प्रबंधन जानकर भी अंजान बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए बताया कि जब भी कॉलोनी या बस्ती के लोगों द्वारा इस अवैध खनन का प्रतिरोध किया जाता है, तो कोयला तस्करों द्वारा उन्हें डराया-धमकाया जाता है और जान-माल की क्षति पहुंचाने की कोशिश की जाती है। तस्करों के इस खौफ और जमीन के दरकने के डर से लोग अपने ही घरों में चौबीसों घंटे खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। लगातार हो रहे विरोध के बावजूद वेस्ट मोदीडीह के रिहायशी इलाके में जारी यह अवैध खनन इस बात की चेतावनी है कि यदि इन मुहानों को स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया, तो टांडाबारी जैसी खतरनाक पुनरावृत्ति यहां भी देखने को मिल सकती है, जिसकी पूरी जवाबदेही बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!