21/09/2026

Dhanbad Times

बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रेबीज इंजेक्शन नदारद: 35 किमी दूर धनबाद जाने को मजबूर हैं गरीब, सोशल मीडिया पर छलका पीड़ित का दर्द

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
46 Views

धनबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा में चिकित्सा व्यवस्था की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। प्रखण्ड के इस बड़े सरकारी अस्पताल में पिछले एक पखवाड़े से एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है। इसको लेकर पड़ोस के गांव के रहने वाले युवक विजय रविदास का दर्द और आक्रोश सोशल मीडिया पर छलक पड़ा है, जिसके बाद से इलाके में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित विजय रविदास ने एक्स ट्वीटर पर अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे रेबीज का आपातकालीन इंजेक्शन लेने के लिए बाघमारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। अस्पताल में जब उन्हें पता चला कि इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है, तो उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ से इस संबंध में जानकारी लेनी चाही। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों का व्यवहार पीड़ित के प्रति संवेदनहीन रहा, जिससे वे काफी आहत हुए। विजय रविदास ने सोशल मीडिया पर आगे लिखा कि इस प्रखंड में हर वक्त किसी न किसी अनहोनी का डर बना रहता है, लेकिन गरीबों की फरियाद सुनने वाला कोई नहीं है। बाघमारा प्रखंड के इस मुख्य सरकारी अस्पताल में पिछले दो हफ्तों से एंटी रेबीज जैसी अति-आवश्यक आपातकालीन दवा का न होना अस्पताल प्रबंधन की उदासीनता को उजागर करता है। सोशल मीडिया पर उठ रहे इन सवालों के बीच स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में स्थिति यह है कि अगर किसी मरीज को कुत्ता या कोई अन्य आवारा जानवर काट ले, तो उसे इंजेक्शन के लिए यहां से करीब 35 किलोमीटर दूर एस.एन.एम.एम.सी.एच. अस्पताल, धनबाद की दौड़ लगानी पड़ती है। किसी भी गरीब और ग्रामीण परिवार के लिए आपातकालीन स्थिति में तुरंत इतनी दूर जाना न सिर्फ आर्थिक रूप से कमर तोड़ने वाला है, बल्कि शारीरिक रूप से भी बेहद कष्टदायक साबित हो रहा है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गिरिडीह के सांसद और बाघमारा के स्थानीय विधायक को भी अपने ट्वीट में टैग किया है और न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने लिखा है कि बाघमारा धनबाद में कोयला उत्पादन का मुख्य केंद्र है, जहां से सरकार को भारी-भरकम राजस्व मिलता है। इसके बावजूद यहां के मूल निवासियों और ग्रामवासियों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा के प्रभारी डा. श्रीनाथ ने कहा कि इसके लिए पत्राचार किया गया है। शीघ्र एंटी रेविज इंजेक्शन की व्यवस्था की जायेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!