21/09/2026

Dhanbad Times

टाटा डीएवी सिजुआ में समर कैंप का समापन, बच्चों ने बिना आग के खाना बनाने से लेकर पेंटिंग व जुंबा डांस में बिखेरा जलवा

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
203 Views

धनबाद। टाटा डीएवी स्कूल, सिजुआ के प्रांगण में कक्षा तृतीय से लेकर सप्तम तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित छह दिवसीय समर कैंप आनंदमय वातावरण में समापन हो गया। 11 जून से शुरू होकर 16 जून तक चले इस भव्य कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना था। इस दौरान बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए कई तरह की रोचक, रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला, जुंबा डांस, नैतिक कथा, भजन तथा फायरलेस कुकिंग जैसी कई शानदार प्रतियोगिताएं और सत्र आयोजित किए गए। चित्रकला प्रतियोगिता में जहाँ बच्चों ने आकर्षक रंगों के माध्यम से अपनी अनूठी कल्पनाओं को कागज पर उतारा, वहीं जुबा डांस की थाप पर थिरकते बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही बच्चों को भारतीय संस्कृति और अच्छे संस्कारों से जोड़ने के लिए नैतिक कथाओं और भजनों का सहारा लिया गया, जिससे उन्हें जीवन में बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा मिली। इस पूरे कैंप का सबसे बड़ा आकर्षण ‘फायरलेस कुकिंग’ यानी बिना आग के खाना पकाने की गतिविधि रही, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने बिना आग का उपयोग किए बेहद स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी पाक कला से सबको हैरत में डाल दिया। इस सफल समर कैंप का कुशल नेतृत्व शिक्षक दिनेश कुमार झा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के अन्य शिक्षक और शिक्षिकाओं, जिनमें विद्या यादव, कीर्ति मिश्रा, अनीता शर्मा, राखी सिंह, नमिता सिंह, नेहा सिंह और बीपी राय शामिल थे, ने भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई और बच्चों का मार्गदर्शन किया। समापन के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य चंद्रानी बनर्जी एवं शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि उनकी रचनात्मक सोच और मानसिक विकास को भी एक नई दिशा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!