15/01/2026

Dhanbad Times

तेतुलमारी में अपराधियों ने दुकानदार पर फायरिंग कर फैलाई दहशत, थाना में ग्रामीणों की भीड़ ने प्रदर्शित किया विरोध, अपराध पर रोक की उठी मांग

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
80 Views

धनबाद: धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र में शनिवार रात अपराधियों ने एक बार फिर अपनी दबंगई का प्रदर्शन किया। शक्ति चौक से महज़ आधा किलोमीटर दूर तिलाटांड मोड़ के पास बाइक सवार अपराधियों ने दुकानदार अर्जुन महतो को गोली मार दी। अचानक हुई इस वारदात से पूरा इलाका दहशत और सनसनी में डूब गया। गंभीर रूप से घायल अर्जुन महतो को स्थानीय लोगों ने तत्काल धनबाद अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है। अर्जुन अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। अर्जुन के नहीं रुकने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। इसके बावजूद जब वह आगे बढ़े तो अपराधियों ने पीछा करते हुए दोबारा गोली चलाई, जो उनके दाएँ हाथ में लगी। गोली लगते ही अर्जुन बाइक से गिर पड़े और अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन अपराधी पहले ही भाग चुके थे। इस गोलीकांड ने ग्रामीणों के आक्रोश को भड़का दिया। रविवार दोपहर दर्जनों ग्रामीण तेतुलमारी थाना पहुँच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस की नाकामी पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की माँग की। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि रात में तेज़ रफ्तार से हो रही छोटी बड़ी वाहनों से कोयले की ढुलाई मुख्य सड़क पर खतरा बनी हुई है, लेकिन पुलिस अनदेखी रवैया अपनाये हुवे है। जैसे उसको कोयले के काले कारोबार से उसे मतलब नहीं रह गया है। थाना परिसर में भीड़ और विरोध को देखते हुए पुलिस इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी, कतरास थानेदार असित कुमार सिंह और राजगंज थानेदार अलिसा कुमारी पूरे दल-बल के साथ पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत होकर लौट गए। जख्मी दुकानदार के पिता गेन्दु महतो ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की माँग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!