23/11/2025

Dhanbad Times

झारखंडी संस्कृति का जीवंत उत्सव है बरदखुंटा पर्व: बृहद झारखंड कला संस्कृति मंच की ओर से नगरीकला फुटबॉल मैदान में भव्य आयोजन

एप से शेयर हेतु अंतिम बटन से लिंक कॉपी करे
145 Views

धनबाद: तेतुलमारी के नगरीकला फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को
बृहद झारखंड कला संस्कृति मंच की ओर से पारंपरिक ढंग से बरदखुंटा पर्व का आयोजन हुआ। झारखंडी संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत रखने के उद्देश्य से आयोजित इस पर्व में क्षेत्रीय लोकनृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुखिया रिंकू महतो ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने सुप के सहारे पारंपरिक रिझाव की रस्म निभाई, जो बरदखुंटा पर्व की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक माना जाता है। संध्या में नटूआ नाच का आयोजन हुआ, जिसमें नायकडीह, बड़की बौआ, पहाड़पुर समेत स्थानीय कमेटी के कलाकारों ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को झारखंड की लोकधारा से जोड़ दिया। रात्रि में खोरठा लोकगीतों की प्रस्तुति ने माहौल को भावनात्मक ऊंचाई दी। मशहूर गायिका सावित्री कर्मकार और काजल महतो ने देश की सांस्कृतिक विरासत को बचाने की पुकार के साथ गीत प्रस्तुत किए, जिनमें लोकजीवन की पीड़ा, संघर्ष और सौंदर्य की झलक थी। कमेटी के सदस्यों ने विधायक मथुरा प्रसाद महतो को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा, झारखंड की पुरानी संस्कृति को बरदखुंटा, गोहाल पूजा, सोहराय जैसे पर्वों ने जीवित रखा है। झूमर नाच हमारी सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है, इसमें कहीं कोई अश्लीलता या फूहड़ता नहीं है। आयोजन को सफल बनाने में सांसद प्रतिनिधि नरेश महतो, निवास पंडित, बबलू कुम्हार, मुक्तेश्वर महतो, दिनेश रजक, तारकेश्वर महतो समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों का योगदान सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!